Thursday, 27 February 2014

भारत में भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार : अमेरिकी रिपोर्ट

भारत में भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार : अमेरिकी रिपोर्ट



हम भारत के चमकने की बात करें, भारत के निर्माण या नव निर्माण का चाहे जितना प्रचार करें, जितनी बातें करें और अपनी पीठ खुद ठोकते फिरें, लेकिन हम क्या हैं और कहां हैं, आज हमारी असलियत हमसे बेहतर दुनिया के दूसरे लोग जानते हैं. हमारे राजनेताओं ने हमारा और हमारे देश के चरित्र को दुनिया में किस हद तक दागदार बना दिया है, कितना गिरा दिया है, इसका अंदाजा हमें दूसरों से ही मिल पाता है. पढ़िए अमेरिकी विदेश विभाग की दुनिया के देशों में मानवाधिकार पर रिपोर्ट : Corruption everywhere in INDIA (भारत में चारों ओर भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार).....


वाशिंगटन : अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में न्यायपालिका समेत सरकार के हर स्तर पर व्यापक भ्रष्टाचार है.
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी द्वारा कल जारी इस वार्षिक रिपोर्ट "कंट्री रिपोर्ट्स ऑन ह्यूमन राइट्स प्रेक्टिसेज" में कहा गया, ‘‘भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर है.’’
इस रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि आधिकारिक स्तर पर भ्रष्टाचार होने पर कानून आपराधिक दंड देता है, लेकिन भारत सरकार ने कानून को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया और अधिकारी छूट का फायदा उठा कर भ्रष्ट कामों में लिप्त हो जाते हैं.
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘सरकार के हर स्तर पर भ्रष्टाचार मौजूद है. सीबीआई ने जनवरी से नवंबर माह के बीच में भ्रष्टाचार के 583 मामले दर्ज किए हैं.’’
इसमें कहा गया है ‘‘केंद्रीय सतर्कता आयोग को वर्ष 2012 में 7,224 मामले मिले. 5,528 मामले वर्ष 2012 के थे और बाकी 696 मामले 2011 से बचे थे. आयोग ने 5,720 मामलों पर कार्रवाई की सिफारिश की थी.’’
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘सीवीसी ने शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री हॉटलाइन और सूचनाएं साझा करने के लिए एक वेब पोर्टल शुरू किया. गैर सरकारी संगठनों ने पाया कि घूस आम तौर पर जल्दी काम करवाने के लिए दी गई। इनमें पुलिस सुरक्षा, स्कूल में दाखिला, पानी की आपूर्ति या सरकारी मदद जैसे काम प्रमुख थे.’’
इसमें कहा गया कि समाज के संगठनों ने पूरे साल सार्वजनिक प्रदर्शनों और भ्रष्टाचार के व्यक्तिपरक खुलासे करने वाली वेबसाइटों के जरिए जनता का ध्यान भ्रष्टाचार की ओर खींचा.
रिपोर्ट के अनुसार, संसद ने दिसंबर में एक विधेयक पारित करके लोकपाल नामक एक निगरानी संगठन की स्थापना की, जो कि सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करेगा.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि गरीबी हटाने और रोजगार दिलाने के कई सरकारी कार्यक्रम खराब क्रियान्वयन और भ्रष्टाचार के कारण प्रभावित हुए.
उदारहरण के लिए आरटीआई कानून के तहत सरकारी दस्तावेज हासिल करने के बाद एक याचिकाकर्ता ने महाराष्ट्र आदिवासी विकास विभाग के फंड में अनियमितता के आरोप लगाए.
13 जून को बम्बई उच्च न्यायालय ने इसकी जांच के लिए एक विशेष दल के गठन के आदेश जारी किए. इस मामले में आदिवासियों के कल्याण की राशि अन्य कामों में खर्च किए जाने का आरोप था.
तिरूवन्नामलाई के नगर पार्षद के.वी.एन. वेंकटेश समेत कई संदिग्धों के खिलाफ मामले की सुनवाई का इंतजार साल के अंत तक खत्म नहीं हुआ. जुलाई 2012 में सामाजिक कार्यकर्ता राजमोहन चंद्रा की हत्या इसी मामले से जुड़ी है. राजमोहन ने भ्रष्टाचार करने और जमीन हड़पने के संदिग्ध सरकारी अधिकारियों, नेताओं और रीयल एस्टेट एजेंटों के खिलाफ जनहित याचिका दायर की थी.
बीते दिसंबर में वर्ष 2012 के आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाले में राज्य मुख्यमंत्रियों और अन्य अधिकारियों की कथित भूमिका की जांच करने वाले आयोग ने अपनी रिपोर्ट महाराष्ट्र विधानसभा को सौंपी थी, लेकिन महाराष्ट्र राज्य सरकार ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया. इस घोटाले में सैनिकों व उनकी विधवाओं के लिए आरक्षित अपार्टमेंट गलत तरीके से दूसरों को आवंटित कर दिए गए थे.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वर्ष 2008 में 2जी मोबाइल टेलीफोन स्पेक्ट्रम की बिक्री में धांधली के लिए रिश्वत लेने के आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा और राज्यसभा सदस्य एम.के. कनिमोई के खिलाफ सुनवाई साल के अंत तक नहीं पूरी हो पाई.
रिपोर्ट में कहा गया है कि 7 अगस्त को न्यायमूर्ति आर.ए.मेहता ने उच्चतम न्यायालय द्वारा उनकी नियुक्ति बरकरार रखने के बावजूद गुजरात का लोकायुक्त बनने से इंकार कर दिया. उन्होंने यह टिप्पणी भी की थी कि राज्य सरकार उनकी जांचों में मदद नहीं करेगी.
गुजरात सरकार ने लोकायुक्त की नियुक्ति में राज्यपाल और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की प्रमुखता को कम करने के लिए अप्रैल में गुजरात लोकायुक्त कानून में संशोधन की मांग की थी. इसमें उसने मांग की थी कि नियुक्ति की शक्तियां सिर्फ मुख्यमंत्री के फैसले में निहित हों.
राज्यपाल ने इस विधेयक पर हस्ताक्षर से इंकार कर दिया था.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह कानून एक स्वतंत्र न्यायपालिका की बात करता है और सरकार सामान्यत: न्यायिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है। हालांकि ‘न्यायिक भ्रष्टाचार’ व्यापक स्तर पर मौजूद है.
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘न्यायिक व्यवस्था पर काम का बहुत गंभीर बोझ है और इसमें मामले निपटाने की आधुनिक व्यवस्था का अभाव है. इस वजह से न्याय मिलने में या तो देरी होती है या फिर न्याय मिल ही नहीं पाता. अगस्त में कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा था कि उच्चतम न्यायालय में तीन और उच्च न्यायालयों में 275 रिक्तियां हैं.’’
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘अधीनस्थ न्यायपालिकाओं में भी रिक्तियों की संख्या बहुत ज्यादा है. राज्यों में 3700 से ज्यादा पद भरे जाने हैं. कानून मंत्री ने मामलों के निपटारे में हो रहे विलंब का कारण अदालतों में खाली पदों को बताया है.’’



Friday, 7 February 2014

समाचार-पत्र प्रबंधकों की याचिकाएं खारिज

पत्रकारों की जीत, मजीठिया बोर्ड की सिफारिशें बरकरार
नई दिल्ली, शुक्रवार, 7 फरवरी 2014

नई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने पत्रकारों और गैर-पत्रकारों के वेतन पुनर्निर्धारण के लिए गठित मजीठिया वेतन बोर्ड की सिफारिशों को शुक्रवार को बरकरार रखते हुए कर्मचारियों को परिवर्तित वेतन देने का निर्देश दिया.

प्रधान न्यायाधीश पी. सदाशिवम की अध्यक्षता वाली 3 सदस्यीय खंडपीठ ने कहा कि कर्मचारियों को परिवर्तित वेतन 11 नवंबर
, 2001 से मिलना चाहिए. सरकार ने इसी तारीख को बोर्ड की सिफारिशें अधिसूचित की थीं.
न्यायालय ने कहा कि कर्मचारियों को नया वेतन अप्रैल
, 2014 से मिलेगा और नियोक्ता को 1 साल के भीतर 4 किस्तों में बकाया राशि का भुगतान करना होगा.
न्यायाधीशों ने कहा कि हम सिफारिशों को वैध ठहराते हैं
. न्यायाधीशों ने कहा कि बोर्ड ने अपनी सिफारिशें देने के लिए उचित प्रक्रिया का पालन किया था और उसके तथा उसके गठन के बारे में लगाए गए आरोप सही नहीं हैं.
न्यायालय ने बोर्ड के गठन की वैधानिकता और इसकी सिफारिशों को चुनौती देने वाली विभिन्न समाचार-पत्रों के प्रबंधकों की याचिकाएं खारिज कर दीं
.
न्यायाधीशों ने कहा कि हम पूरी तरह संतुष्ट हैं कि बोर्ड द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया वैध है और उसने एकतरफा और मनमाने तरीके से कोई निर्णय नहीं किया और प्रक्रिया में कोई अनियमितता नहीं है
.
न्यायालय ने कहा कि अतिरिक्त वेतन (वेरिएबल पे) के बारे में बोर्ड की सिफारिशें भी उसके अधिकार क्षेत्र में थीं
. न्यायालय ने कहा कि यह नहीं कहा जा सकता कि वेतन संरचना अनुचित है. न्यायालय ने इस साल जनवरी में समाचार-पत्रों की याचिकाओं पर सुनवाई पूरी करने के बाद कहा था कि निर्णय बाद में सुनाया जाएगा.
श्रम मंत्रालय ने समाचार पत्र उद्योग की आपत्तियों के बावजूद 2007 में मजीठिया वेतन बोर्ड का गठन किया था और इसके बाद जनवरी
, 2008 से कर्मचारियों को मूल वेतन का 30 फीसदी तदर्थता के आधार पर अंतरिम राहत देने की घोषणा की गई थी. समाचार-पत्र उद्योग ने इसे लागू किया था.
वेतन बोर्ड ने 31 दिसंबर
, 2010 को अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपी थीं, जिन्हें केंद्र ने कुछ संशोधनों के साथ 11 नवंबर, 2011 को अधिसूचित किया था. (भाषा)


Monday, 3 February 2014

'भारत रत्‍न' बने सचिन तेंडुलकर और प्रो. राव
नई दिल्‍ली. क्रिकेट के भगवान सचिन तेंडुलकर और वैज्ञानिक प्रो. सीएनआर राव को आज राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया। यहां राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दोनों को सम्‍मानित किया गया। इस मौके पर सचिन अपने परिवार के साथ मौजूद थे। 

14 साल पहले बना था सचिन को दिए जाने वाला मेडल 

भारत रत्‍न का जो मेडल सचिन को दिया गया है, उसे 2000 में बनाया गया था। सचिन को दिया जाने वाला ये पदक कोलकाता की अलीपुर टकसाल में रखा था, जहां से इसे पॉलिश कराने और साफ-सफाई करने के बाद पिछले हफ्ते ही गृहमंत्रालय को भेजा गया है। हालांकि, मंत्रालय ने यह साफ नहीं किया था कि 14 साल पहले बने मेडल को साफ कराने का आदेश क्यों दिया था। सचिन को भारत रत्न दिए जाने का ऐलान 16 नवंबर को किया गया था। 

कौन हैं प्रो राव

भारत रत्‍न से सम्‍मानित होने वाले प्रो राव चौथे वैज्ञानिक हैं। वैज्ञानिक संस्था JNCASR के मानद अध्यक्ष प्रो राव का जन्म 1935 में बेंगलुरु में हुआ था। राव ने 1954 में BHU से मास्टर डिग्री प्राप्त की। दुनियाभर में 90 से ज्यादा पुरस्कार-सम्मान प्राप्त कर चुके राव को मेटल ऑक्साइड के शोध ने मशहूर किया। राव ने 1500 शोधपत्र और 45 किताबें लिखी हैं। नैनो मटेरियल क्षेत्र में उनका अहम योगदान रहा है। 
 


4 फरवरी 2014 को सम्मानित होंगे मास्टर -ब्लास्टर

सलाम 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर

-कल्याण कुमार सिन्हा
देश के उन सभी क्रिकेट प्रेमियों का सपना अब पूरा हो जाएगा, जो मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदु
लकर को 'भारत रत्न' के सम्मान से विभूषित देखना चाहते हैं. भारत में सचिन के अलावा शायद ही कोई शख्सियत ऐसी रही है, जिसे 'भारत- रत्न' बनते देखने के लिए लोगों में इतनी उत्सुकता, इतनी उतावली है. भारतीय क्रिकेट के इस चमकते सितारे को आगामी 4 फरवरी को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी नई दिल्ली में देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देंगे. सचिन के साथ वैज्ञानिक सीएनआर राव को भी यह सम्मान दिया जाएगा. यह सर्वोच्च सम्मान पाने वाले सचिन पहले खिलाड़ी होंगे.
लगभग चौथाई सदी की बेदाग बादशाहत, क्रिकेट की दुनिया में हर किसी को नसीब नहीं होती. 40 वर्षीय सचिन तेंदुलकर ने पिछले साल 16 नवंबर 2013 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना 200वां टेस्ट खेलकर संन्यास ले लिया था. इसके कुछ घंटे बाद ही राष्ट्रपति भवन की ओर से सचिन को भारत रत्न देने की घोषणा कर दी गई थी. भारतीय डाक विभाग ने भी सचिन तेंदुलकर के 200वें टेस्ट मैच को एक और गौरव प्रदान कर दो डाक टिकट जारी कर दिए.
विदाई के दो दिन पहले बीसीसीआई ने भी उनका एक पो़ट्रेट उन्हें भेंट किया था. यह पोट्रेट वड़ोदरा के सुप्रसिद्ध पेंटर मूसा कच्ची से बनवाया गया था. मूसा कच्ची सचिन की शख्सियत के बारे मे कुछ यूं बयान करते हैं- वे बताते हैं- "बीसीसीआई ने सिर्फ छह दिन का समय दिया था. यह आसान नहीं था. सचिन का चेहरा बेहद प्रभावी है. उनकी आंखे शेर जैसी हैं. ऐसे में मेरे लिए काफ़ी मुशिकल हो रहा था. मेरे लिए मुश्किल यहीं समाप्त नहीं हो रही थी, क्योंकि मेरे पास सचिन की जो भी तस्वीरें थीं, उनमें वे काफ़ी गंभीर दिख रहे थे, जो भाव पोट्रेट के लिए मुझे मुनासिब नहीं लगा. मैंने कई पोट्रेट बनाए हैं. अपने अनुभवों को याद करके मैंने मोनालिसा की मुस्कान याद की. मैंने सचिन के लिए सही रंगों का चुनाव करने के बाद उनके चेहरे पर 'मोनालिसा की मुस्कान ' लगा दी. उनके घुंघराले बालों को बनाना और उनकी टी शर्ट में फ़ोल्ड को दिखाने के लिए भी मुझे कड़ी मेहनत करनी पड़ी.''
हालांकि सचिन को भारत रत्न का सम्मान देने की मांग जैसे ही उठी, उसी के साथ विवाद भी शुरू हो गया था. राजनीति और समाज के कई हिस्सों से 'हाकी के जादूगर' स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद को पहले भारत रत्न देने की मांग की जाने लगी. मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा के बल पर देश को तब हाकी के क्षेत्र में तब दुनिया का सिरमौर बनाया था, जब देश अंग्रेजों की गुलामी के जंजीरों में जकड़ा हुआ था. इस महान खिलाड़ी का योगदान भी विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने में कम नहीं था.
सचिन पिछले साल ही खिलाड़ी रहते हुए राज्यसभा सांसद बने थे. सरकार के इस फैसले पर भी विवाद खड़ा हो गया था. विपक्ष इस बात से भयभीत था कि सचिन की शोहरत का लाभ कहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस तो नहीं उठा ले जाना चाहती. अब, जब सचिन को भारत रत्न देने की घोषणा की गई तो आर्श्च्यजनक ढंग से न तो कहीं कोई विवाद है और न कहीं कोई विरोध. बल्कि सभी ने सचिन को बधाई दी और खुशी ही जाहिर की.
तुझ में रब दिखता है...
आम जन से महात्मा की उपाधि से अलंकृत महात्मा गांधी की तरह सचिन को भी भारत के क्रिकेट प्रेमियों ने बहुत पहले ही 'भगवान' की उपाधि से विभूषित कर दिया है- 'क्रिकेट का भगवान'. मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर क्यों पूरी दुनिया इस एक क्रिकेटर की इस तरह मुरीद है. आखिर क्यों भारत की सवा अरब आबादी इस एक नाम की पूजा करती है. वह भी दो दशक से लगातार. क्रिकेट तो सर डॉन ब्रैडमैन से लेकर ब्रायन लारा तक, अनेक क्रिकेटरों ने खेला है, लेकिन आखिर क्यों मास्टर-ब्लास्टर को ही 'द गॉड ऑफ क्रिकेट' कहा गया.
इतने लंबे करियर में उनका एक वाक्य ऐसा नहीं है, जिसने उनके व्यक्तित्व को धूमिल किया हो. समरसता और संयम के इस संगम ने उन्हें दिन-प्रतिदिन निखारा और इस मुकाम तक पहुंचाया. तेंदुलकर ने जो हासिल किया है, वह सिर्फ क्रिकेट के बूते पर ही हासिल नहीं हो सकता. वह केवल बेजोड़ रिकार्ड से भी हासिल नहीं हो सकता.
बला की विनम्रता.
खेलों की दुनिया में जब लोग धन और प्रसिद्धि पाकर उसे पचाने में असमर्थ पाए जाते हैं, तब वह अपवाद स्वरूप दिखाई पड़ते हैं. उनके लंबे करियर के दौरान क्रिकेटरों पर कैसे-कैसे आरोप लगे? सेक्स, मैच फिक्सिंग, तरह-तरह से पैसे कमाने की पिपासा, पारिवारिक बिखराव और स्कैंडल, पर तेंदुलकर बेदाग रहे. अगर कभी किसी ने उल्टा-सीधा कहा या लिखा, तब भी चुप रहे. शर्मीलेपन की हद तक अपने चेहरे पर संकोच चस्पां रखने वाला यह शख्स मैदान में बड़े-बड़े सूरमाओं के छक्के छुड़ाता रहा. लेकिन फिर भी बला की विनम्रता. देश-विदेश से लगातार चोटी के सम्मान पाते रहने के बावजूद चेहरे पर वही मासूमियत. विशिष्टता अथवा दंभ के भाव का कहीं कोई नामो निशान नहीं.
आलोचनाओं और विवादों की लपट उनके दामन तक भी पहुंची, पर हर बार जवाब उनके बल्ले ने दिया. उन्होंने खुद को क्रिकेट के कुतर्क शास्त्रियों की जमात से दूर रखा. आसान नहीं है सचिन तेंदुलकर होना. ऐसी छवि, ऐसा आत्मबोध बड़ी मुश्किल से बनता है. बन भी जाए तो दो दशक तक लगातार कायम नहीं रह पाता.
क्रिकेट इतिहास के महानतम खिलाड़ी सर डोनॉल्ड ब्रेडमैन ने तेंदुलकर की यह कहते हुए प्रशंसा की थी कि पिछले 50 वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले बेशुमार बल्लेबाज़ों में सिर्फ़ तेंदुलकर उनकी शैली के निकट पहुंच सके हैं. समकालीन क्रिकेट में इतनी ताकत और इज्जत के साथ कोई और खिलाड़ी इतने लंबे समय तक मैदान पर नहीं टिका था. पर खेल और उम्र के बीच रिश्ता तो है. सचिन ने वन-डे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. कारण स्पष्ट था. उस ‘पेस’ को निभा पाना उनके लिए मुश्किल पड़ रहा था और फिर क्रिकेट से ही विदाई लेने का फैसला 200वें टेस्ट मैच के साथ जब सचिन ने लिया, वह भी सामयिक था. और इसके साथ ही देश ने इसी क्षण के लिए 'भारत रत्न' का यह तोहफा भी तैयार रखा था.
कल सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के मैदान पर एक बल्लेबाज, गेंदबाज अथवा एक फिल्डर के रूप में नहीं दिखेंगे. लेकिन जब कभी वे मैदान पर नजर आएंगे, मैदान को और दर्शकों को वैसी ही खुशी देंगे, जैसे चौके और छक्के मार कर दिया करते थे. एक सुनहरा अतीत पीछे छोड़ वह भी भले तमाम बड़े नामों की तरह पा‌र्श्व में चले गए हों, तब भी नई पीढ़ी उन्हें उसी तरह उन्हें याद करेगी, जैसे वर्तमान पीढ़ी अतीत के बड़े नामों को याद करती है. जैसे स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद. ऐसी शख्सियतें किसी उपाधि की मोहताज नहीं होतीं. और महात्मा गांधी, वे तो आज भी लोगों के हृदय में जीवित हैं. कला की दुनिया नें क्या लता मंगेशकर, अमिताभ बच्चन भी वैसी ही चमक नहीं बिखेर रहे?
-कल्याण कुमार सिन्हा
122/6 मित्र नगर, वेस्ट मानेवाड़ा रोड
नागपुर- 440027
महाराष्ट्र




Sunday, 19 January 2014

भारत की खाद्य सुरक्षा योजना : एक नजर

भारत की खाद्य सुरक्षा योजना : एक नजर
-कल्याण कुमार सिन्हा

अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर होने के साथ ही अब हम अपने लोगों को खाद्य सुरक्षा देने की बहुत बड़ी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं. दुनिया की दूसरी बड़ी आबादी वाले हमारे देश के लिए यह गौरव की बात है कि आज हम दुनिया के सबसे बड़ा कार्यक्रम "राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा" आरंभ कर चुके हैं.
हाल के अनुभवों ने हमें सिखाया है कि राज्य के अनाज गोदाम इसलिए भरे हुए नहीं होना चाहिए कि लोग उसे खरीद पाने में सक्षम नहीं हैं. इसका अर्थ है कि सामाजिक सुरक्षा के नजरिये से अनाज आपूर्ति की सुनियोजित व्यवस्था होनी चाहिए. यदि समाज की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित रहेगी तो लोग अन्य रचनात्मक प्रक्रियाओं में अपनी भूमिका निभा पाएंगे. यह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम देश के इसी सामाजिक सुरक्षा नजरिये का नतीजा है.
जुलाई 2013 में केन्द्र सरकार ने एक अध्यादेश के तहत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन शासित राज्यों - दिल्ली,, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के चुनिन्दा जिलों में आरंभ कर दिया था. खाद्य सुरक्षा विधेयक के संसद में पारित हो जाने के बाद 10 सितंबर से "राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013" देश भर में क्रियाशील हो गया है. इसके साथ महाराष्ट्र,, बिहार एवं अन्य राज्यों में भी यह इसी माह फरवरी 2014 से आरंभ हो गया है. उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की अखिलेश यादव सरकार ने अब इसे आगामी 5 जुलाई से आरंभ करने की घोषणा की है. आरंभिक ना-नुकर के कारण इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दायर एक जनहित याचिका के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की यह घोषणा सामने आई है. किन्तु पश्चिम बंगाल की तृण मूल कांग्रेस की ममता बनर्जी सरकार ने अपने राज्य में इसे लागू करने में अभी तक कोई पहल नहीं की है. उसने आर्थिक कारणों से लागू करने में असमर्थता जताते हुए मामले को केंद्र सरकार के पाले में डाल दिया है.
संसद ने गत वर्ष 2 सितंबर 2013 को ऐतिहासिक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित किया था. 10 सितंबर से देश भर में लागू इस "राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013" के क्रियान्वयन पर वार्षिक 1,30,000 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है. इसमें देश की दो तिहाई आबादी सब्सिडी के अधिकार के तौर पर प्रदान करने का प्रावधान है. यह अधिनियम प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलोग्राम चावल, गेहूं और मोटा अनाज क्रमश: 3, 2 और 1 रुपए प्रति किलोग्राम के तयशुदा मूल्य पर गारंटी करेगा. देश की 82 करोड़ लोगों, अर्थात 67प्रतिशत शहरी एवं 80 प्रतिशत ग्रामीण आबादी को फायदा मिलेगा.
इस महत्वाकांक्षी अधिनियम को विपक्षी दल केन्द्र में सत्तारूढ संप्रग की मुख्य घटक कांग्रेस की लगातार पिट रही साख को बचाने वाला एवं राजनीति का पासा पलट देने वाला मानते रहे. इसके साथ ही संसद से पारित होने देने में अड़ंगा भी लगाते रहे. लेकिन हाल में ही पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से, चार राज्यों में कांग्रेस की लुटिया डूबने से बच नहीं सकी.
पूरा खाद्य सुरक्षा क़ानून पुराने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) पर निर्भर है. इस प्रणाली के बारे में हम आज तक देखते आए थे कि यह सही काम नहीं कर रही लेकिन अब हम उम्मीद कर सकते हैं कि वह काम करेगी.
क्रियान्वयन में तकनीक का इस्तेमाल
इसमें दो बातें समझने वाली हैं. पिछले दो तीन सालों से तकनीक में काफी सुधार हुआ है. अब पीडीएस के रिसाव को रोकने के लिए तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है.
जब ट्रक गोदाम से चलता है तो एक एसएमएस से लाभार्थियों को पता चल जाता है कि उनका अनाज कहां तक आ गया है. तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से पिछले दो तीन सालों में देखा गया है कि कई राज्यों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में काफी अधिक सुधार हुआ है. इसमें हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और उड़ीसा शामिल हैं.
आपूर्ति प्रणाली इतनी बेहतर हो गई है कि आज तमिलनाडु में शत प्रतिशत आपूर्ति की जा रही है जबकि छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा 90 प्रतिशत है.
आधार कार्ड के आने से दूसरे शहरों में काम की तलाश में जाने वाले लोग उस शहर में राशन पा सकते हैं. यह सुधार भी इस क़ानून में किया गया है.
सिटीजन चार्टर
नए क़ानून में शिकायत दर्ज कराने के लिए एक खास प्रणाली बनाई गई है. इसमें सिटीजन चार्टर का प्रावधान है. इसमें बताया गया है कि आपको कहां शिकायत दर्ज करानी है, उसके लिए कितने साल की सजा मिल सकती है. इसमें वह सभी प्रावधान किए गए हैं, जिनसे आपका क़ानूनी अधिकार आपको मिले.
लेकिन इससे बड़ी बात यह है कि मनरेगा में भी आय की गारंटी थी. अगर आपको रोजगार नहीं मिलता है तो आप उसको चुनौती दे सकते थे, लेकिन हम जानते हैं कि 100 के बजाए औसतन 54 दिन ही रोजगार मिला है.
गारंटी का औचित्य
तकनीकी के बेहतर इस्तेमाल से ज़रूरतमंदों तक खाद्य सुरक्षा कानून के फायदों को पहुंचाया जा सकता है., इसका मतबल है कि क़ानूनी गारंटी होने के बावजूद 100 दिन का रोजगार तो वहाँ भी नहीं मिला..
यह सोचकर चलना कि पीडीएस के माध्यम से 100 प्रतिशत डिलीवरी होगी, तो वह तो समय ही बताएगा कि कितना हो पाया..
इस अधिनियम में लोगों को पांच किलोग्राम चावल, गेहूं एवं मोटा अनाज क्रमश: तीन, दो और एक रुपए प्रति किलोग्राम की दर से हर माह प्रदान करने की गारंटी दी गई है. इस कानून में किसानों के हितों की रक्षा के लिए भी पर्याप्त प्रावधान किए गए है.
इस अधिनियम में एक अच्छी बात यह भी है कि इसमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकारों द्वारा फिलहाल खाद्य सुरक्षा की इसी तरह की जो योजना चलाई जा रही हैं, उसे कानून के तहत संरक्षण मिलेगा.. भाजपा शासित इन दोनों राज्य सरकारों ने केन्द्र की संप्रग सरकार से बहुत पहले पिछले वर्ष ही अपने-अपने राज्यों में खाद्य सुरक्षा जैसी योजना सफलता से लागु कर चुकी है और दोनों सरकारें इसे बढ़िया से चला रही हैं. साथ ही देश में दिसंबर 2000से चल रही अन्त्योदय अन्न योजना भी जारी रहेगी, जिसमें गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को प्रति परिवार 25 किलोग्राम अनाज इन्ही दरों पर मिलते रहेंगे.
इस अधिनियम के कानून बनने के बाद भारत दुनिया के उन चुनिन्दा देशों में शामिल हो गया है, जो अपनी अधिकतर आबादी को खाद्यान्न की गारंटी देते हैं. 1,30,000 करोड़ रुपए के सरकारी समर्थन से खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम दुनिया का सबसे बड़ा कार्यक्रम है. इसके लिए करीब 6.123 करोड़ टन खाद्यान्न की आवश्यकता होगी.
केन्द्र सरकार की यह योजना राज्य सरकारों के माध्यम से लागू होगी. किसी कारण से अगर राज्य सरकार सस्ते दर पर अनाज मुहैया नहीं करवा पाएगी तो उसे गरीबों को खाद्य सुरक्षा भत्ता देना पड़ेगा. यह भत्ता कितना होगा, इसका फैसला राज्य सरकारें अपनी स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रख कर करेंगी. राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अनाज के वितरण में किसी प्रकार की धांधली न हो. काला बाजारी को रोकने के सभी उपाय करने होंगे. सार्वजनिक वितरण प्रणाली में फैले भ्रष्टाचार को रोकने के लिए भी हर जिले में प्रबंध करने होंगे. इस बात का भी प्रयास करना होगा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानें चलाने का जिम्मा प्राथमिकता के आधार पर पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को दिया जाए. वैसे इसमें लोगों को होने वाली असुविधाओं को रोकने के लिए कॉल सेन्टर और हेल्प लाइन आरंभ करने का भी प्रावधान है. साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े सभी दस्तावेज आम लोग यदि देखना चाहेंगे तो देख सकेंगे. यदि कोई अधिकारी विधेयक के नियमों का पालन नहीं करता तो उसे इसके लिए सजा का प्रावधान किया गया है. उन पर 5000 रुपए तक जुर्माना किया जा सकेगा..
इस बात का भी प्रबंध किया गया है कि इस योजना का राज्य सरकारों पर कोई अतिरिक्त भार न पड़े. इसके लिए अनाज की ढुलाई के लिए राज्यों को केन्द्र सरकार से सहायता मिलेगी. राशन का वितरण करने वालों को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी. खाद्यान्न सुरक्षा के मद में सरकार को लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपए के अनुदान का भी इसनें प्रावधान है, जो 2015-16 में बढ़ कर 1.50 लाख करोड़ हो जाएगा. इसके लिए सरकार को हर साल अपनी आमदनी में 10 से 15 फीसदी का इजाफा करना पड़ेगा. यह सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसे उसने स्वीकार किया है.
खाद्य सुरक्षा कानून की दस खास बातें... 1. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून की खास बात यह है कि खाद्य सुरक्षा कानून बनने से देश की दो तिहाई आबादी को सस्ता अनाज मिलेगा. मौजूदा वक्त में गरीबी की रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 7 किलो गेहूं 3 रुपए प्रति किलो और चावल 2 रुपए प्रति किलो के दर पर हर महीने मिलना है. इस एक्ट के अमल में आने के तीन साल बाद कीमतों में फिर से संशोधन किया जाएगा.
2. इससे अनाज की मांग 5.5 करोड़ मिट्रिक टन से बढ़कर 6.1 करोड़ मिट्रिक टन हो जाएगी. फूड सब्सिडी लागू होने पर सरकार के खजाने पर अतिरिक्त बोझ करीब 20,000 करोड़ रुपए होगा. इसके लिए करीब 6.123 करोड़ टन खाद्यान्न की जरूरत होगी. फूड सब्सिडी बिल पर कुल फूड सब्सिडी कवर करीब 1.3 लाख करोड़ रुपए होगा.
3. इस कानून के तहत देश की 67 फीसदी आबादी को हर महीने 5 किलो अनाज प्रति व्यक्ति के हिसाब से मार्केट से कम दाम पर दिया जाएगा. बिल में कहा गया है कि 3 रुपए प्रति किलो के हिसाब से चावल और 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से गेहूं और बाकी अनाजों को 1 रुपए प्रति किलो के आधार पर देश की 75 फीसदी ग्रामीण आबादी और 50 फीसदी शहरी आबादी को दिया जाएगा.
4. इस स्कीम को आधार स्कीम के साथ लिंक्ड किया जाएगा. इसके तहत हर नागरिक को एक विशिष्ट पहचान नंबर दिया जाएगा, जो कि डाटाबेस से लिंक्ड होगा. इसमें हर कार्डहोल्डर का बॉयोमीट्रिक्स डाटा होगा.
5. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के तहत आने वाले लगभग 2.43 करोड़ निर्धनतम परिवार कानूनी रूप से प्रति परिवार के हिसाब से हर महीने 35 किलोग्राम खाद्यान्न पाने के हकदार होंगे.
6. लोकसभा में दिसंबर, 2011 में पेश मूल विधेयक में लाभार्थियों को प्राथमिक और आम परिवारों के आधार पर विभाजित किया गया था. मूल विधेयक के तहत सरकार प्राथमिकता श्रेणी वाले प्रत्येक व्यक्ति को सात किलो चावल और गेहूं देगी. चावल तीन रुपए और गेहूं दो रुपए प्रति किलो के हिसाब से दिया जाएगा. जबकि सामान्य श्रेणी के लोगों को कम से कम तीन किलो अनाज न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधे दाम पर दिया जाएगा.
7. फूड बिल में संशोधन संसदीय स्थाई समिति की रिपोर्ट के अनुसार किए गए, जिसने लाभार्थियों को दो वर्गों में विभाजित किए जाने के प्रस्ताव को समाप्त करने की सलाह दी थी. पैनल ने एक समान कीमत पर हर महीने प्रति व्यक्ति 5 किलोग्राम अनाज दिए जाने की वकालत की.
8. संयुक्त राष्ट्र द्वारा परिभाषित गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या भारत में 41 करोड़ है. यह संख्या उन लोगों की है, जिनकी एक दिन की आमदनी 1.25 डॉलर से भी कम है.
9. कुछ राज्य सरकारों ने बिल को लेकर अपनी आशंका जतायी थी, राज्यों का कहना था कि प्रस्तावित कानून के आलोक में जो खर्चे बढ़ेंगे, उसका जिम्मा केंद्र सरकार खुद उठाए, उन्हें राज्यों के ऊपर न डाले. गैर-सरकारी संगठनों की मुख्य आलोचना यह थी कि बिल में मौजूदा बाल-कुपोषण से निपटने के प्रावधानों को विधिक अधिकार में बदला जा सकता था, इस कानून से यह सारी आशंकाएं दूर होंगी.
10. मार्च, 2013 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ बदलावों के साथ विधेयक को मंजूरी दी थी. हंगामे के बीच लोकसभा में खाद्य सुरक्षा बिल 6 मई को पेश किया गया था, लेकिन सदन में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर हंगामें के चलते बिल पारित नहीं हो सका था. जुलाई 2013 में सरकार ने एक अध्यादेश जारी कर इसे कुछ राज्यों में शुरू भी करा दिया, फिर. संसद ने 2 सितंबर 2013 को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित कर दिया और राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने पर 10 सितंबर से यह "राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013" लागू हो गया है.
खाद्यान्न उत्पादन में वृध्दि और गरीबी
भारत में 1960 के दशक के मध्य से गरीबी के स्तर में एक औसत से कम और अनिश्चित गिरावट दर्ज की गई है. इसके बावजूद सरकार की नवीनतम घोषणा के मुताबिक देश की 26 फीसदी आबादी ही गरीबी की रेखा के नीचे हैं; हालांकि इस आंकड़े को कई स्तरों पर चुनौती दी गई. इससे यह स्पष्ट होता है कि देश में चार गुना उत्पादन बढ़ने के बाद भी लोगों की रोटी का सवाल ज्यों का त्यों बना हुआ है. हम अब भी लोगों की खाद्यान्न सम्बन्धी जरूरतों को पूरा कर पाने की स्थिति में नहीं हैं. स्वाभाविक रूप से देख का अनुभव यह सिध्द करता है कि खाद्य उत्पादन की वृध्दि का सीधा सम्बन्ध समाज की खाद्य सुरक्षा की स्थिति से नहीं है और यह स्वीकार करना पड़ेगा कि देश के उत्पादन में जो वृध्दि हुई है, उसमें गैर- खाद्यान्न पदार्थों का हिस्सा बहुत ही तेज गति से बढ़ा है. जैसे- तेल, शक्कर, दूध, मांस, अण्डे, सब्जियां और फल. ये पदार्थ अब लोगों के कुल उपभोग का 60 फीसदी हिस्सा अपने कब्जे में रखते हैं. ऐसी स्थिति में यदि हम चाहते हैं कि लोगों तक खाद्य पदार्थों की सहज पहुंच हो तो इन गैर-खाद्यान्न पदार्थों के बाजार को नियंत्रित करना होगा. यह महत्वपूर्ण है कि 1951 से 2001 के बीच में देश में खाद्यान्न उत्पादन में चार गुना बढ़ोत्तरी हुई है, पर गरीब की खाद्य सुरक्षा अभी सुनिश्चित नहीं हो पाई थी.
खाद्य सुरक्षा का उद्देश्य
खाद्य सुरक्षा की अवधारणा व्यक्ति के मूलभूत अधिकार को परिभाषित करती है. अपने जीवन के लिए हर किसी को निर्धारित पोषक तत्वों से परिपूर्ण भोजन की जरूरत होती है. महत्वपूर्ण यह भी है कि भोजन की जरूरत नियत समय पर पूरी हो. इसका एक पक्ष यह भी है कि आने वाले समय की अनिश्चितता को देखते हुए हमारे भण्डारों में पर्याप्त मात्रा में अनाज सुरक्षित हों, जिसे जरूरत पड़ने पर तत्काल जरूरतमंद लोगों तक सुव्यवस्थित तरीके से पहुंचाया जाए.
इस परिप्रेक्ष्य में सरकार का दायित्व है कि बेहतर उत्पादन का वातावरण बनाए और खाद्यान्न के बाजार मूल्यों को समुदाय के हितों के अनुरूप बनाए रखे. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 इसी दिशा में सरकार ने बहुत बड़ा कदम उठाया है.

-कल्याण कुमार सिन्हा
122/6 मित्र नगर, वेस्ट मानेवाड़ा रोड, नागपुर - 440027, महाराष्ट्र